रायगढ़ में धान खरीदी में मिली 80 लाख की गड़बड़ी:जांच में 6529 बोरी धान कम मिला, भौतिक सत्यापन में हुआ मामले का खुलासा, समिति के 4 कर्मचारी निलंबित

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में धान खरीदी में बड़ी गड़बड़ी पायी गई है। जांच टीम ने जब धान खरीदी केन्द्र में भौतिक सत्यापन किया, तो इस मामले का खुलासा हुआ। जिसमें 6529 बोरी धान कम मिला। साथ बारदाने में भी अनियमतिता मिली है। जिसके बाद समिति के 4 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक जिला के सभी धान खरीदी केन्द्रों का भौतिक सत्यापन संयुक्त जांच टीम द्वारा किया जा रहा है। ऐसे में तमनार धान खरीदी केन्द्र का जब भौतिक सत्यापन किया गया। तब पता चला कि यहां बड़ी गड़बड़ी है। जांच के दौरान 6529 बोरी 2611.60 क्विंटल धान यहां कम पाया गया। जिसकी भुगतान राशि 80 लाख 95 हजार 960 रूपए होता है। इसके अलावा ऑनलाईन में दर्ज बारदानों के बदले 4054 नए बारदानें अधिक तथा 5980 बारदानें कम पाए गए हैं। इसके बाद जब जांच रिपोर्ट सामने आया, तो कलेक्टर के निर्देश पर सहकारी व उप पंजीयक सहाकारी संस्था द्वारा दोषी कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। इन कर्मचारियों पर हुई कार्रवाई
धान खरीदी केन्द्र में गड़बड़ी किए जाने के मामले में 4 कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। इसमें सहायक समिति प्रबंधक निलाद्री पटनायक, कम्प्यूटर आपरेटर मधुबाला पटनायक, फड़ प्रभारी भरतलाल राठिया और बारदाना प्रभारी शिवशंकर भगत शामिल हैं। धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण पर्यवेक्षक अपेक्स बैंक द्वारा किया जाता है। ऐसे में पर्यवेक्षण नहीं किए जाने की वजह से अपेक्स बैंक परिक्षेत्र तमनार के पर्यवेक्षक सुरेन्द्र साव को भी हटा दिया गया है। धान खरीदी प्रभावित नहीं होगी
सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्था के उप आयुक्त सीएस जयसवाल ने बताया कि भौतिक सत्यापन में धान खरीदी केन्द्र तमनार में धान स्टॉक 6529 बोरी की कमी पाई गई। साथ ही नए व पुराने बारदानों में भी गड़बड़ी मिली है। दोषी कर्मचारियों को निलंबित कर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। धान खरीदी केन्द्र में कर्मचारियों की व्यवस्था कर ली गई है। जिससे धान खरीदी कार्य प्रभावित नहीं होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *