छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में अब एक और नया मरीन ड्राइव आने वाले समय में नजर आएगा। यह मरीन ड्राइव नदी किनारे बसे लोगों के घर व पीएम आवास को तोड़कर बनाया जाएगा। जिसके लिए मोहल्लेवासियों को दिया गया। कल मिले नोटिस के कुछ देर बाद मोहल्ले में एक महिला की मौत हो गई। ऐसे में परिजनों का कहना है कि घर टूटने का सदमा सह नहीं सकी और उसकी मौत हुई है। वार्ड नंबर 29 में केलो नदी तट किनारे रहने वाली दुखनी बाई भुईंया की मौत मंगलवार की शाम को हुई। ऐसे में उसका बेटा भुवनेश्वर भुईंया का आरोप है कि कल नगर निगम द्वारा दूसरा नोटिस साढ़े 4 बजे के लगभग आया था और उसके कुछ देर बाद उसकी मां की मौत हुई। उसका कहना है कि घर टूटने का पहला नोटिस मिलने के बाद से उसकी मां परेशान रहती थी और उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। भुवनेश्वर ने बताया कि उसे उसकी मां को अस्पताल ले जाने का भी समय नहीं मिल सका और वे लोग यहां कई सालों से रहते आ रहे हैं। इसके अलावा मोहल्ले में ही एक महिला जिसका नाम गंगा बाई बंजारे है वह बोल नहीं पा रही। ऐसे में उसके बेटे व बहु का कहना है कि नोटिस मिलने के बाद से गंगा बाई सदमे में है। 295 लोगों को दिया नोटिस
कयाघाट क्षेत्र में जो लोग नदी किनारे बसे हैं। उसमें से 295 लोगों को नगर निगम द्वारा नोटिस दिया गया है और कल फिर से दूसरा नोटिस देकर 12 जून से पूर्व अवैध निर्माण को स्वंय हटाने व नहीं हटाने पर निगम द्वारा हटाने की बात कही गई है।
PM आवास भी तोड़ा जाएगा
मोहल्लेवासियों का कहना है कि वे कई सालों से रहते आ रहे हैं और यहां अगर 295 लोगों को नोटिस दिया गया है, तो उसमें तकरीबन 80 से 100 घर पीएम आवास होंगे। शासन की योजना का लाभ लेकर कई लोगों ने PM आवास का निर्माण कराया है। अब उन घरों को भी नोटिस किया गया है। ऐसे में पीएम आवास को भी तोड़े जाने की बात कही जा रही है। महिला बोली- मेरी सास सदमे है
मोहल्ले की तारकेश्वरी बंजारे ने बताया कि नगर निगम द्वारा नोटिस मिला है। तब से मेरी सास का दिमाग काम नहीं कर रहा है। डाॅक्टर के पास भी ले गए थे। कल दूसरा नोटिस फिर से आया तो उन्हें नहीं बताए हैं। घर में सब कोई परेशान हैं। मेरी सास सदमे में है और ज्यादा इस बारे में बताएंगे तो कुछ भी हो सकता है।
समझ नहीं आ रहा क्या करेंगे
अनिता चौहान ने बताया कि 295 लोगों को नोटिस मिला है। पीएम आवास 100 से ज्यादा है। उसमें हम लोग भी पैसा लगाकर बनाए हैं। सब गरीब हैं इधर उधर काम करके अपना पेट पालते हैं। अब बोल रहे हैं यहां मरीन ड्राइव बनेगा। ऐसे में हम लोग कहां जाएंगे। अनिता चौहान का कहना है कि इस बात को लेकर मोहल्ले में एक महिला की मौत हो गई और एक महिला सदमे में है। समझ नहीं आ रहा क्या करेंगे।
मोहल्ले में सभी डरे हुए हैं
निर्मई चरण पंडा ने बताया कि यहां हम लोगों को नोटिस के उपर नोटिस दिया जा रहा है, लेकिन कहीं जिक्र नहीं किया जा रहा है कि हमे कहीं और बसाया जाएगा। सिर्फ घर तोड़ने की बात कही जा रही है। ऐसे में बरसात में हम लोग कहां जाएंगे। यह भी नहीं बताया जा रहा है कि कहीं और बसाया जाएगा। उन्होंने बताया कि उनकी उम्र 85 साल है और अगर 5 मंजिला उपर में घर दे देंगे तो चढ़ भी नहीं सकते। मोहल्ले में सभी दहशत में है। सभी डरे हुए हैं।
उम्र दराज थी महिला
महापौर जीवर्धन चौहान का कहना है कि वहां मरीन ड्राइव शासन द्वारा बनाया जाना है। निगम द्वाारा नोटिास जारी हुआ है। आज मोहल्लेवाले आए थे, उनका समाधान किया जाएगा। मिटिंग में मोहल्लेवसी, आयुक्त और निगम के अधिकारी थे। आपस में समझौता करके उनके भी पक्ष को रखा गया है। शनिदेव मंदिर की तरफ जैसा मरीन ड्राइव बना है। उसी आधार पर इधर भी बनेगा। महापौर ने बताया कि उन्होंने व आयुक्त ने आश्वसन दिया है कि कम से कम घर प्रभावित होगा। महिला की मौत के सवाल पर उनका कहना था कि ऐसा कुछ नहीं है। जिस महिला की बात कर रहे हैं वो 80-85 साल की रही होंगी और काफी उम्र दराज थी। सदमे वाले भी कोई भी बात नहीं है।


