रायगढ़ में मालगाड़ी की चपेट में आकर युवक की मौत:परिजनों का आरोप- पुलिस के दौड़ाने से गई जान, ASP बोले-पेट्रोलिंग वाहन को देखकर भागा

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में देर रात एक युवक की मालगाड़ी से टकराकर मौत हो गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस के पीछा करने की वजह से युवक रेल पटरी पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 10 बजे सोनिया नगर निवासी 30 वर्षीय श्याम गोरख मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में बुरी तरह से जख्मी होने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (RPF) के जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की जान जा चुकी थी। इसके बाद आसपास के लोग और मृतक के परिजन घटनास्थल पर जुट गए। मौके पर पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि श्याम को पुलिस दौड़ा रही थी, जिससे घबरा कर वह रेलवे ट्रैक पार कर रहा था और इसी दौरान हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि मृतक श्याम पर पहले से मारपीट का एक मामला दर्ज था। फिलहाल जीआरपी ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने की जांच की मांग मृतक युवक श्याम गोरख के भाई, दिनेश गोरख ने बताया कि हादसा उस वक्त हुआ जब पुलिस उनके भाई का पीछा कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान श्याम रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गया। दिनेश ने मांग की है कि रेलवे स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का फुटेज सार्वजनिक किया जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना के पीछे असली वजह क्या थी। परिजनों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। पुलिस पेट्रोलिंग वाहन देखकर भागा युवक, ट्रेन की चपेट में आकर हुई मौत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम ने बताया कि कोतवाली थाना की पुलिस टीम नियमित पेट्रोलिंग के लिए रेलवे स्टेशन के पास पहुंची थी। उसी दौरान श्याम गोरख पुलिस वाहन को देखकर अचानक भागने लगा और भागते हुए रेलवे स्टेशन तक पहुंच गया। रेलवे लाइन पार करते समय वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एएसपी ने बताया कि मामले में मर्ग पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है और आगे जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *