छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एक मोबाइल दुकान में आग लग गई। जिससे मोबाइल और कई सामान जल गए। आसपास के लोगों की सूचना पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची। करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। जानकारी के मुताबिक, केवड़ाबाड़ी रोड स्थित सेल एरिना मोबाइल दुकान का संचालन विक्रम सामल करता है। हर दिन की तरह सोमवार की रात को अपनी मोबाइल दुकान बंद कर घर चला गया, लेकिन रात करीब 11 बजे मोबाइल दुकान से धुआं निकलने लगा। जिसे देखकर आसपास के लोगों ने मामले की सूचना दुकान संचालक को दी। तब तक आग फैलने लगी थी। इसके बाद कोतवाली पुलिस और दमकल वाहन को इसकी जानकारी दी गई। ऐसे में तत्काल पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने का काम शुरू किया गया। बड़ी घटना हो सकती थी बताया जा रहा है कि, सेल एरिना मोबाइल दुकान के बगल में अंग्रेजी शराब की प्रीमियम दुकान है। ऐसे में अगर आग बगल की दुकान में फैलती, तो शराब के कारण आग काफी फैल सकती थी। इससे अधिक नुकसान होने की आशंका थी। आग बुझाने में 1 घंटे लगे दमकल विभाग के फायर मेन सुमीत केशरवानी ने बताया कि, आग की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर टीम ने आग पर काबू पाया। आग को बुझाने में करीब 1 घंटे लगे। बताया जा रहा है कि, आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है।


