राजनांदगांव जिला जेल के 358 कैदियों ने मंगलवार को गंगा स्नान किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर जेल में महाकुंभ स्नान का की व्यवस्था की गई और अस्थायी कुंड बनाया गया। प्रयागराज से लाए गए गंगाजल की कैदियों ने पूजा-अर्चना की और आत्मशुद्धि और नैतिक उत्थान की कामना करते हुए स्नान किया। इस दौरान सभी कैदियों में उत्साह देखा गया। ‘अपराध की दुनिया से दूर कर सुधार लाना’ जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत ने बताया कि कैदी महाकुंभ में प्रयागराज नहीं जा पा रहे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग सुधारात्मक सेवाओं पर काम कर रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य कैदियों को अपराध की दुनिया से दूर कर सुधार की राह पर लाना है। साथ ही उनकी आस्था को जीवंत रखना और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। कार्यक्रम में जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत, सहायक जेल अधीक्षक पूजा तिवारी और जेल स्टाफ मौजूद रहे।


