छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में एश्वर्यम काॅलोनी के सामने वाली रोड लंबे समय से खराब है। जिसके लिए एक सप्ताह बाद फिर से क्षेत्रवासियों ने चक्काजाम कर दिया। इस बार क्षेत्रवासी काफी नाराज थे और जब उन्हें समझाईश देने के लिए अधिकारी यहां पहुंचे तो उन्हें यह बोलकर लौटा दिया गया कि जब तक सड़क नहीं बनेगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा। रविवार की सुबह करीब 9 बजे के बाद क्षेत्रवासियों ने यहां बीच सड़क पर खड़े होकर चक्काजाम शुरू कर दिया। इस बार एश्वर्यम काॅलोनी के साथ ही ग्रीन सीटी, कृष्ण वाटिका, श्रीकुंज समेत गोवर्धनपुर क्षेत्र के लोगों ने आंदोलन शुरू किया। रोड की बदहाल हालत को लेकर नारेबाजी करने लगे। जब इसकी जानकारी प्रशासनिक अमले को लगी, तो पुलिस की टीम व तहसीलदार मौके पर पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाईश देने लगे, पर क्षेत्रवासी अधिकारियों को यह कहकर वापस लौटा दिया कि व्यवस्था सुधारने के नाम पर पिछले सप्ताह भी आश्वसन दिया गया था और इस बार भी वहीं किया जा रहा है। ऐसे में जब तक सड़क का सुधार नहीं हो सकेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। भारी वाहनों से सड़क हो गया बदहाल
क्षेत्रवासियों ने बताया कि भारी वाहनोंकी वजह से इस रोड पर चलना मुश्किल हो चुका है। हर मौसम में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पिछले रविवार को आंदोलन के बाद आश्वसन दिया गया था कि लगातार पानी का छिड़काव कराया जाएगा। उसके बाद गड्ढो को भी भरेंगे, लेकिन अब तक कुछ नहीं हो सका।
रोड बनाए या ट्रक को चलाना बंद करे
क्षेत्र में रहने वाली विनिता परिडा ने कहा कि इस रोड के लिए कई बार मांग की जा चुकी है। हर बार आश्वसन मिला है, लेकिन इस बार आश्वसन का लड्डू हम लोग नहीं खाएंगे। तहसीलदार व अन्य अधिकारी आए तो उन्हें आश्वसन नहीं देने की बात कहकर वापस भेजा गया है। उनका कहना है कि सड़क को बनाया जाए या फिर हमेशा के लिए ट्रक को इस रोड पर बंद कर दिया जाए। सैकड़ों लोग हर दिन परेशान
स्थानीय निवासी अजय सिंह ने बताया कि हम सड़क का निर्माण चाहते हैं। ताकि यहां की समस्या दूर हो सके। हर दिन सैकड़ों लोग इस पर रोड पर परेशान हो रहे हैं। रोड के लिए आसपास के सभी काॅलोनी के लोग व गोवर्धनपुर क्षेत्रवासी आंदोलन कर रहे हैं। जब तक सड़क नहीं बनेगी, आंदोलन जारी रहेगा।
लोगों को दी जा रही समझाईश
इस संबंध में एसडीएम प्रवीण तिवारी ने बताया कि क्षेत्रवासियों का समझाईश दिया जा रहा है। चुंकि यह निजी जमीन है तो तत्काल इस पर रोड नहीं बनाया जा सकता है। वैकल्पिक व्यवस्था के लिए गड्ढो को गिट्टी से पाट दिया जाएगा। ताकि आने जाने में परेशानी न हो। फिलहाल व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।


