रायगढ़ में सफेमा कोर्ट की पहली कार्रवाई:गांजा तस्कर की 15 लाख की अवैध संपत्ति फ्रीज;35 लाख के माल के साथ पकड़ाया था मुख्य सरगना

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में गांजा तस्करी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अवैध तरीके से कमाई गई 15 लाख से अधिक की संपत्ति को सफेमा कोर्ट, मुंबई (महाराष्ट्र) से फ्रीज कराया गया है। अब कोर्ट के अगले फैसले तक आरोपी अपनी इस संपत्ति का कोई लेन-देन नहीं कर सकेगा। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सक्ती जिले का रहने वाला इंटर स्टेट गांजा तस्करों का मुख्य सरगना भागवत साहू को गांजा तस्करी के मामले में ही 2024 में पकड़ा गया था। पुलिस ने आरोपी के बैंकिंग लेन-देन और अन्य दस्तावेजों के आधार पर 19 अगस्त 2025 को नारकोटिक्स सफेमा कोर्ट मुंबई में सक्षम अधिकारी व प्रशासक कार्यालय में मामला पेश किया। जहां जांच के बाद न्यायालय ने पाया कि आरोपी की पत्नी के पास आय का कोई वैध स्रोत नहीं है और खाते में जमा रकम गांजा तस्करी से अर्जित की गई है। इस आधार पर 15 सितंबर को न्यायालय ने आदेश जारी कर आरोपी की पत्नी के बैंक खातों में जमा 15 लाख 7 हजार 686 रुपए को फ्रीज कर दिया। कैसे पकड़ाया था आरोपी अगस्त 2024 में पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिलने के बाद रायगढ़-बिलासपुर पुलिस की 5 टीम बनाई गई। पुलिस ने ओडिशा के जिला बउत, बिलासपुर के ग्राम पिहरीद, सक्ती के चारपारा में दबिश दी।जहां से 3 गांजा तस्करों को पकड़ा गया। पुलिस को पता चला कि सक्ती में पदस्थ पुलिस आरक्षक किशोर साहू ने गांजा तस्करों की मदद की थी, तो उसे और उससे पहले एक महिला को गिरफ्तार किया गया। इस गिरोह का मुख्य सरगना भागवत साहू था। तस्करों के पास से पुलिस ने 35 लाख का गांजा समेत 72 लाख की संपत्ति जब्त की थी। क्या है सफेमा? स्मगलर एंड फाॅरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर (फाॅर्फचर ऑफ प्राॅपर्टी ) एक्ट 1976 यानि सफेमा कानून उन तस्करों और हवाला कारोबारियों पर लागू होता है। जिन्होंने अवैध तरीके से संपत्ति कमाई की है। इस कानून के तहत उनकी अवैध संपत्ति को जांच एजेंसी कोर्ट में पेश करती है और कोर्ट सुनवाई कर संपत्ति को फ्रीज या जब्त करने का आदेश देती है। सफेमा कोर्ट इसी प्रकार के मामलों की सुनवाई करने वाला विशेष न्यायिक मंच है। मामला सफेमा कोर्ट में पेश किया गया इस मामले में जूटमिल थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद केस को सफेमा कोर्ट मुबंई में पेश किया गया था। मामले की सुनवाई करते हुए न्यायालय में गांजा तस्कर के मुख्य सरगना के तस्करी से अर्जित किए गए 15 लाख से अधिक रुपए को फ्रीज कर दिया है। …………………………… इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… छत्तीसगढ़ में 35 लाख का गांजा तस्करी, पुलिसकर्मी गिरफ्तार:इंटरस्टेट तस्करों के रैकेट में 9 लोग थे शामिल, अलग-अलग जिलों में करते थे सप्लाई छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस ने महिला समेत 9 इंटर स्टेट गांजा तस्करों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तस्करों के पास से 175 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत 35 लाख है। बताया जा रहा है कि तस्करी में पुलिसकर्मी भी शामिल था। पुलिस ने कुल मिलाकर 72 लाख का मशरुका जब्त किया है। पढ़े पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *