छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में अवैध धान को लेकर लगातार कार्रवाई जारी है। जहां पिछले दिनों ओम ट्रेडर्स में निरीक्षण के दौरान 60 बोरी अवैध धान पकड़ा गया था। इसे दुकान संचालक को सुपूर्द में दिया गया, लेकिन संचालक ने 40 बोरी धान को बेच दिया। ऐसे में आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कराया गया है। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक 20 नवंबर को तहसीलदार द्वारा ओम ट्रेडर्स में धान को लेकर निरीक्षण किया गया। जहां निरीक्षण के दौरान दुकान में 60 बोरी अवैध धान पाया गया। जिसके बारे में पूछताछ करने पर दुकान संचालक राजू राठिया टाममटोल करने लगा। ऐसे में 60 बोरी धान को जब्त करते हुए प्रकरण बनाया गया है और विधिवत जब्त धान को दुकान संचालक राजू राठिया के सुपूर्द में दिया गया। जब्त धान को सुरक्षित रखने के लिए बंधपत्र भी भरवाया गया था। जहां 30 दिसबंर को तहसीलदार व एसडीएम द्वारा फिर से दुकान की जांच करने पहुंचे। तब जांच में पाया गया कि जब्त धान में से 40 बोरी धान गायब है और 20 बोरी धान ही रखी है।
पूछताछ में जब्त धान बेचना स्वीकार किया
इसके बाद दुकान संचालक राजू राठिया से पूछताछ करने पर उसने बताया कि सुपूर्द में रखे धान को उसने बेच दिया है। जिसके बाद जांच अधिकारियों ने शासकीय आदेशों व जब्त की शर्तों का उल्लंघन पाया। इसे देखते हुए मामले में धरमजयगढ़ थाना में सूचना दी। जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा धारा 316 (2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।


