रायपुर में कारोबारी ने करवाई 15 लाख की फर्जी लूट:शेयर बाजार में गंवाया पैसा, कर्ज चुकाने से बचने रची साजिश; अब पुलिस करेगी केस

रायपुर में सोमवार को कारोबारी से 15 लाख की लूट की वारदात फर्जी निकली। जांच में पता चला कि कारोबारी चिराग जैन (27) ने शेयर बाजार (MCX) में काफी पैसा गंवा दिया था। कर्ज चुकाने से बचने के लिए उसने लूट की कहानी गढ़ी। पुलिस अब कारोबारी के खिलाफ केस दर्ज करने की तैयारी कर रही है। मामला पंडरी थाना क्षेत्र का है। रायपुर SSP लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि कारोबारी चिराग जैन ने पुलिस को बताया था कि वह रोजाना कांपा, मंडी गेट से होकर देवेंद्र नगर स्थित अपनी दुकान जाता है। इस दौरान लूट हुई। CCTV फुटेज में कारोबारी के अनुसार बताए गए लुटेरे नहीं दिखे। इसलिए कारोबारी पर पुलिस को शक हुआ। पहले देखिए ये तस्वीरें- कारोबारी ने इस तरह बनाई लूट की झूठी कहानी कारोबारी ने बताया कि सोमवार को वह 5 दिन का कलेक्शन, करीब 15 लाख रुपए लेकर दुकान जा रहा था। मोवा ओवरब्रिज के नीचे से गुजरते हुए जैसे ही मंडी गेट फाटक के पास पहुंचा, पीछे से 3 लुटेरे बाइक पर आए और ओवरटेक कर उसकी कार रोक दी। कारोबारी ने बताया कि एक लुटेरा नकाब पहने था, जबकि दो बिना नकाब के थे। इनमें से दो कार के पास आए और बात करने के बहाने जैसे ही कारोबारी ने शीशा नीचे किया। उन्होंने हाथ डालकर कार का लॉक खोल लिया। इसके बाद गाड़ी में बैग में रखे कैश और हाथ में पहनी दाे अंगूठी लेकर फरार हो गए थे। दोबारा पूछताछ में बयान बदलने लगा कारोबारी कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने कारोबारी के घर से लेकर घटनास्थल तक CCTV फुटेज की जांच की। फुटेज की जांच के दौरान कारोबारी के अनुसार बताए गए लुटेरे नहीं दिखे, तो पुलिस का संदेह गहराया। जांच अधिकारियों ने कारोबारी से दोबारा पूछताछ की, तो वो बयान बदलने लगा। पुलिसकर्मियों ने कारोबारी पर सख्ती की, तो टूट गया और झूठी लूट की कहानी बनाने की बात स्वीकारी। कारोबारी की निशानदेही पर पुलिस ने पैसे भी बरामद कर लिए हैं। 100 से ज्यादा कैमरों में नहीं दिखे आरोपी तो गहराया शक वारदात की सूचना मिलने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) और पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम ने वालफोर्ट सिटी से लेकर मंडी गेट तक 100 से ज्यादा कैमरों की जांच की। इन कैमरों की जांच के बाद संदेही नहीं दिखे। कारोबारी की बैंक डिटेल पुलिस ने खंगाली, तो बीते कई दिनों से बड़ा ट्रांजेक्शन भी नहीं दिखा। इन सब बिंदुओं के आधार पर कारोबारी से एसीसीयू की टीम ने दोबारा पूछताछ की तो उसने लूट न होने की बात स्वीकारी। कारोबारी पर दर्ज किया जाएगा केस SSP लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि कारोबारी की रिपोर्ट पर जांच की तो शिकायत झूठी निकली। अब चिराग जैन के खिलाफ झूठी शिकायत करने और पुलिस को गुमराह करने के आरोप में केस दर्ज किया जाएगा। ………………………………………. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…. रायपुर में बिजनेसमैन से दिनदहाड़े 15 लाख की लूट:बाइक सवारों ने कार रुकवाई, चाकू-कट्टा अड़ाया; 3 अंगूठी उतरवाई, पैसे का बैग लेकर भागे छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बिजनेसमैन से चाकू-कट्टा अड़ाकर 15 लाख की लूट हुई है। पंडरी इलाके के कापा में आरोपियों ने सोमवार दोपहर 12 बजे दिनदहाड़े सुनसान जगह में वारदात को अंजाम दिया। पहले बिजनेसमैन को जान से मारने की धमकी दी फिर उसके हाथ से 3 सोने की अंगूठी भी लूट ली। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *