भास्कर न्यूज | महासमुंद कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को कलेक्टर विनय लंगेह ने समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों और स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी सोसायटियों में खाद आपूर्ति होने पर तत्काल किसानों को वितरण करने और ऐसे निजी दुकान जो खाद के अवैध भंडारण किए है उन पर कार्रवाई करने की निर्देश दी। कलेक्टर ने तिरंगा यात्रा की तैयारी की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों का राष्ट्रीय ध्वज के प्रति गर्व और सम्मान की भावना जागृत करने समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। अभियान के अंतिम चरण में तिरंगा यात्रा मार्ग पर स्वच्छता अभियान चलाए जाने सभी सीएमओ और जनपद सीईओ को आवश्यक निर्देश दिए। इस अभियान में स्वयंसेवी संगठनों, स्वयं सहायता समूह और आम नागरिकों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने कहा। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से भी आजादी का महोत्सव मना सकते हैं। साथ ही कलेक्टर ने इस साल मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे रजत जयंती थीम के अनुरूप और गरिमापूर्ण आयोजन करने और पूर्व सालों की भांति अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मिनी स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों का 13 तारीख को अंतिम रिहर्सल किया जाएगा। जिसके लिए सुबह 8 बजे उपस्थित होने कहा गया। कलेक्टर ने जिले के सभी 129 अमृत सरोवरों में पेड़ लगाने और झंडा फहराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान एग्रीस्टेक एप में किसान पंजीयन में तेजी लाने, कृषि विभाग को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं। इस मौके पर अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि कुमार साहू, एसडीएम, सभी विभाग के जिला अधिकारी सहित अन्य मौजूद थे। पुरानी शासकीय वाहनों की नीलामी: बैठक में कलेक्टर लंगेह ने अटल मॉनिटरिंग पोर्टल में समय-सीमा में डेटा अपलोड करने, ई-ऑफिस का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने 15 साल से अधिक पुरानी शासकीय वाहनों की नीलामी के लिए संबंधित जानकारी प्रस्तुत करने को कहा। मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए गढ़फुलझर में प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। 68 हजार टन खाद बांटे पीएम जनमन योजना अंतर्गत निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवासों को 31 अगस्त तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बहुद्देशीय केंद्रों की प्रगति की जानकारी भी ली गई। कृषि विभाग ने जानकारी दी गई कि 83 हजार टन खाद में से 68 हजार टन खाद का वितरण किया जा चुका है। समिति में खाद पहुंचने पर इसे तत्काल किसानों को बांटना सुनिश्चित करें।


