रायपुर में श्री चित्रगुप्त जयंती आयोजन समिति ने चित्रांश उत्सव 2025 की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में बड़ी संख्या में चित्रांश समाज के लोग शामिल हुए। इस बैठक में पिछले वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और इस वर्ष के कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। कार्यक्रम के संयोजक और छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष 3 मई को शाम 4:30 बजे मेडिकल कॉलेज सभागृह से बाइक रैली निकाली जाएगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शांति नगर स्थित चित्रगुप्त मंदिर में समाप्त होगी। मुख्य कार्यक्रम 4 मई को दोपहर 2:00 बजे हवन और पूजन के साथ प्रारंभ होगा। इसके बाद समाज के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। शाम 4:30 बजे मेडिकल कॉलेज सभागृह से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसका स्वागत शहर की विभिन्न संस्थाओं द्वारा विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा। यह शोभायात्रा मेडिकल कॉलेज सभागृह में समाप्त होगी। इसके बाद समाज के सभी जिला प्रतिनिधियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा और फिर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इस अवसर पर समाज की पत्रिका का विमोचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय होंगे।


