राजधानी रायपुर में रिंग रोड भाठागांव के पास दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। गुरुवार दोपहर एक व्यक्ति सड़क पार कर रहा था, तभी टाटीबंध की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह पूरा मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है। ऋषभ दुबे निवासी ब्रम्हपुरी ने पुलिस को बताया कि वह पान ठेला चलाते हैं। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल पासिंग का एक ट्रक दोपहर करीब 3 बजे टाटीबंध की ओर से आ रहा था। भाटागांव ब्रिज के पहले सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को उसने चपेट में ले लिया। ट्रक के चक्के में व्यक्ति का सिर बुरी तरह कुचला गया और उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक को एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश शुरू कर दी है और ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।


