छत्तीसगढ़ में पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए रायपुर जिला प्रशासन ने प्रोजेक्ट ग्रीन पालना अभियान शुरू किया है। इस अभियान का मकसद है जब घर में एक नई जिंदगी आए, तो धरती पर भी एक नया पौधा जन्म ले। इसके तहत प्रसूता महिला को एक पौधा गिफ्ट में दिया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशन में अभनपुर में 3, बिरगांव में 5 और एमसीएच कालीबाड़ी में 12 माताओं को मिलाकर कुल 20 प्रसूताओं को 100 फलदार पौधे भेंट किए गए। अस्पतालों में बच्चों के जन्म पर माताओं को पौधा देकर यह संदेश दिया जा रहा है कि वे जिस तरह अपने बच्चे की देखभाल करती हैं, उसी तरह पौधे की भी परवरिश करें। यह पहल मातृत्व और प्रकृति को जोड़ने का प्रयास है। “प्रोजेक्ट ग्रीन पालना” से न सिर्फ जन्म का पल यादगार बनता है, बल्कि आने वाले समय के लिए हरियाली और स्वच्छ वातावरण भी तैयार होता है।


