रायपुर के सडडू बाजार चौक में स्वीगी डिलीवरी बॉय के साथ लूट की घटना सामने आई है। पीड़ित तोष यादव निवासी ग्राम छोटे टेमरी थाना बसना जिला महासमुंद वर्तमान में भैरव नगर संतोषी नगर रायपुर में किराये से रहकर स्वीगी में डिलीवरी का काम करता है। इस मामले में विधानसभा पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पीड़ित के अनुसार 4 जनवरी की रात करीब 1.30 बजे उसे बर्गर किंग शंकर नगर से पार्सल डिलीवरी का ऑर्डर मिला था। तोष यादव जब रात करीब 2 बजे दिए गए लोकेशन सडडू बाजार चौक पहुंचा, तो वहां दो युवक मिले। पार्सल देते ही एक युवक ने ऑर्डर कैंसिल कराने की बात कही और जेब से बटनदार चाकू निकालकर डराने लगा, जबकि दूसरे युवक ने पीछे से पकड़ लिया। बदमाशों ने उसका मोबाइल छीन लिया और उसकी जेब से 500 रुपये नकद लूट लिए। आरोपियों की तलाश में जुटी घटना के बाद बदमाशों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। डरे हुए डिलीवरी बॉय ने किसी की मदद से परिजनों को सूचना दी और बाद में थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।


