रायपुर में मध्यप्रदेश के युवक की हत्या:रीढ़ की हड्डी में धारदार चाकू से हमला, दोस्तों के साथ 2 नाबालिगों ने की वारदात

राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में मध्यप्रदेश के एक युवक की हत्या हो गई है। ये वारदात दो नाबालिगों ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की है। बताया जा रहा की है पूरा विवाद नशे में गाली गलौज के बाद शुरू हुआ। इस मामले में पुलिस ने 2 नाबालिग समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपियों को आज कोर्ट में पेश भी करेगी। उरला थाना प्रभारी रोहित मानेकर ने बताया कि मृतक की पहचान फुल्लम सिंह गोंड (24 वर्ष) के रूप में हुई है, वह एमपी के डिंडोरी का रहने वाला था। 1 दिसंबर को युवक की लाश गुमा गांव स्थित सिंघानिया पेट्रोल पंप के पास सड़क पर लहूलुहान हालत में मिली। आसपास मौजूद लोगों ने रात करीब साढ़े 11 बजे शव देखा तो 112 की टीम को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक को एम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके मौत की पुष्टि कर दी। गाली-गलौच से शुरू हुआ विवाद पहुंचा हत्या तक पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना से पहले मृतक नशे की हालत में था और रास्ते से गुजरते समय कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया था। बातों-बातों में गाली-गलौच और झगड़ा बढ़ा, जिसके बाद एक बालिग और दो नाबालिग आरोपियों ने मिलकर धारदार हथियार से फुल्लम सिंह की पीठ में रीढ़ की हड्डी के पास वार कर दिया। हमले के बाद वह मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। ऑनलाइन मंगवाया था हत्या में इस्तेमाल हुआ चाकू इस मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया है। पूछताछ में यह सामने आया है कि हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू आरोपियों ने ऑनलाइन मंगवाया था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय की मदद से तीनों को कुछ ही घंटों में हिरासत में ले लिया। इनमें एक बालिग और दो नाबालिग शामिल हैं। प्राइम इस्पात कंपनी में करता था काम, पुलिस ने दर्ज किया मामला मृतक फुल्लम सिंह गोंड रायपुर में प्राइम इस्पात कंपनी में काम करता था और किराये पर रह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे। उरला थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। आरोपी भी उरला इलाके की कंपनी में रोजी मजदूरी का काम करते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *