रायपुर में गुरुवार की देर शाम शिवसेना ने शोभायात्रा निकाली। जिससे पूरा शहर भक्ति के रंग में डूब गया। यह शोभायात्रा रामनवमी के अवसर पर निकाली गई। इस शोभायात्रा की खास बात ये थी कि इसमें राज्य के अलग-अलग जिलों से शिवसैनिकों ने हिस्सा लिया। इस शोभायात्रा में करीब 2 दर्जन से अधिक डीजे और धुमाल की व्यवस्था की गई। रामनवमी शोभायात्रा रायपुर के फूल चौक से निकाली गई। शोभायात्रा में अलग-अलग तरह की झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। इन झांकियों की चमचमाती लाइटिंग और DJ की धुन ने आयोजन को भव्य बना दिया। शोभायात्रा के आगे राम भक्त हनुमान की जीवंत झांकी भी प्रदर्शित की गई। शिवसेना हर साल रामनवमी के अवसर पर शहर में बड़े आयोजन करती है। इस बार की झांकी में प्रदेश भर के कई जिलों से भारी संख्या में शिवसैनिक पहुंचे थे। उन्होंने हाथों में शिवसेना लिखा हुआ भगवा झंडा थामा था। जिसे लहराते हुए वे भक्तिमय गानों पर झूमते दिखाई दिए। जय श्रीराम और जय भवनी जय शिवाजी के नारे लगाती लोगों की भीड़ शोभायात्रा में शामिल हुई। इसमें भारी संख्या में लोग शामिल हुए।


