रायपुर में 18 दिसंबर को होगा मेगा हेल्थ कैंप:40 से अधिक अस्पताल के सुपरस्पेशलिस्ट होंगे शामिल, सीएम साय करेंगे उद्घाटन

राजधानी रायपुर में 18 दिसंबर से मेगा हेल्थ कैंप 2025 का आयोजन किया जाएगा। रायपुर पश्चिम विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में यह 5 दिवसीय भव्य स्वास्थ्य शिविर आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में आयोजित होगा। शनिवार 13 दिसंबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक मूणत ने बताया कि, यह आयोजन राजधानी को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। मूणत ने कहा कि, इससे पहले इसी परिसर में आयोजित पांच विशाल हेल्थ कैंप वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुके हैं। उसी विश्वास और जनसहयोग के आधार पर इस वर्ष का मेगा हेल्थ कैंप और अधिक व्यापक, आधुनिक और सुविधायुक्त रूप में आयोजित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के संबंधित विभागों के साथ-साथ शहर की कई सामाजिक संस्थाएं भी इस सेवा अभियान में भागीदार होंगी। भाजपा के कार्यकर्ता पूरे शिविर में मरीजों की सेवा और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे। देश भर से डॉक्टर होंगे शामिल इस मेगा हेल्थ कैंप में दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद सहित देशभर से सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर पहुंचेंगे। मरीजों को कैंसर, हृदय रोग, नेत्र रोग, स्त्री रोग, अस्थि रोग, बांझपन उपचार, आयुर्वेद समेत कई विधाओं में नि:शुल्क जांच, परामर्श, उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी। कैंसर विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत केरकर, डॉ. आयुषी गोयल, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. मयूर जैन और डॉ. रमेश कवाड़ समेत कई प्रतिष्ठित डॉक्टर सेवाएं देंगे। इसके साथ ही दिव्यांगों को कृत्रिम जयपुर पैर, हाथ, श्रवण यंत्र, ट्राइसाइकिल और वैशाखी भी निशुल्क प्रदान की जाएंगी। सीएम करेंगे उद्घाटन मेगा हेल्थ कैंप का उद्घाटन 18 दिसंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह, रमेश बैस, ओ.पी. चौधरी, बृजमोहन अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। मूणत ने आम जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सेवा अभियान का लाभ उठाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *