‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के लिए कांग्रेस नेता दिल्ली रवाना:भूपेश बघेल, महंत-बैज समेत 5 हजार कांग्रेसी रामलीला मैदान में करेंगे प्रदर्शन

कांग्रेस रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नाम से बड़ी रैली करने जा रही है। इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ से कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता दिल्ली रवाना हो गए हैं। इनमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत शामिल हैं। एयरपोर्ट पर रवाना होने से पहले दीपक बैज ने बताया कि, 14 दिसंबर को होने वाली इस रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी सहित देशभर के दिग्गज नेता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से करीब 5 हजार कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रैली में भाग लेंगे। SIR को लेकर भाजपा पर कांग्रेस का हमला विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए दीपक बैज ने कहा कि, भाजपा पहले यह स्पष्ट करे कि कथित घुसपैठिए आए कहां से और कैसे आए। उन्होंने कहा कि केंद्र में लंबे समय से भाजपा की सरकार है, फिर घुसपैठ की जिम्मेदारी किसकी है। बैज ने आरोप लगाया कि, चुनाव आते ही घुसपैठियों के नाम पर राजनीतिक माहौल बनाया जाता है। बिहार में चुनाव खत्म होते ही यह मुद्दा खत्म हो गया। अब असम और बंगाल को निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि घुसपैठ के नाम पर विपक्षी दलों के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं या गलत जगह जोड़े जा रहे हैं। दीपक बैज ने उदाहरण देते हुए कहा कि गुलाब कमरो का नाम महेंद्रगढ़ से हटाकर रायगढ़ में जोड़ दिया गया, जबकि बिलासपुर के पूर्व जिला अध्यक्ष का नाम भिलाई में जोड़ने की बातें सामने आई हैं। उन्होंने इसे सुनियोजित साजिश करार दिया। देशव्यापी विरोध का मंच बनेगा रामलीला मैदान कांग्रेस ने बताया कि, यह रैली EVM में कथित गड़बड़ी, मतदाता सूची में अनियमितताओं और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर देशव्यापी विरोध का हिस्सा है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल पहले ही इस रैली की घोषणा कर चुके हैं। पार्टी का दावा है कि हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और झारखंड सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी सड़क से संसद तक लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी और किसी भी कीमत पर मतदाता अधिकारों से समझौता नहीं करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *