रायसेन पुलिस ने लौटाए 6.39 लाख के 51 गुम मोबाइल:साइबर सुरक्षा के दिए टिप्स, स्कूल में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन

रायसेन जिले में ‘सेफ क्लिक’ साइबर जागरूकता कार्यक्रम के समापन पर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस ने गुम और चोरी हुए 51 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत लगभग 6 लाख 39 हजार रुपए है, बरामद कर उनके मालिकों को वापस लौटा दिए हैं। जिला कंट्रोल रूम में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे ने इन मोबाइल फोन को उनके मालिकों को सौंपा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए। उन्होंने बताया कि आजकल साइबर अपराधी फर्जी पुलिस बनकर डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर लोगों को ठग रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस कभी भी ऑनलाइन गिरफ्तारी नहीं करती। साथ ही उन्होंने व्हाट्सएप पर भेजी गई फेक फाइलों से मोबाइल हैक होने का खतरा भी बताया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने एनीडेस्क, टीम व्यूअर जैसे रिमोट एक्सेस ऐप्स से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कैशबैक और लॉटरी के झांसे में न फंसने की चेतावनी भी दी। पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन कार्यक्रम के एक अन्य हिस्से में उत्कृष्ट विद्यालय रायसेन में साइबर जागरूकता पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 60-70 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विजेताओं को पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत किया गया। जिले के अन्य थानों में भी अलग-अलग विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस मौके पर एसडीओपी प्रतिभा शर्मा, उत्कृष्ट विद्यालय की प्राचार्य स्वाति चौहान सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *