रायसेन पुलिस ने ‘ऑपरेशन My Phone’ के तहत 76 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने मंगलवार शाम 5 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में इन मोबाइलों को उनके मालिकों को सौंपा। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का धन्यवाद किया। एसपी गुप्ता ने बताया कि सीईआईआर पोर्टल पर मिली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिले के सभी थानों को मोबाइल खोजने के निर्देश दिए। इसके लिए एक विशेष टीम का गठन भी किया गया। पिछले एक महीने में मिली सफलता पिछले एक माह में पुलिस ने जिले के भीतर और बाहर से इन 76 मोबाइल फोन को बरामद किया। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से कहा कि यदि उनका मोबाइल खो जाए, तो तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई हो सके।


