रायसेन में ई-टोकन की नई व्यवस्था लागू:किसान सुबह 10 से 12 बजे तक घर बैठे बुक कर सकेंगे खाद, लंबी कतारो और अव्यवस्था से मिलेगी राहत

रायसेन जिले में किसानों के लिए ई टोकन से खाद बुक करने के लिए एक नई व्यवस्था लागू की गई है। अब किसान सुबह 10 बजे से 12 तक घर बैठे ई टोकन से खाद बुक कर प्राप्त कर सकेंगे। खाद वितरण को आसान, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से ई-विकास (वितरण एवं कृषि उर्वरक आपूर्ति समाधान) प्रणाली लागू कर दी गई है। इस नई व्यवस्था के तहत, बीते दिन 5500 ई-टोकन जारी किए गए थे, जिनमें से 3750 किसानों ने खाद प्राप्त किया। यह प्रणाली लंबी कतारों, अव्यवस्था और कालाबाजारी से निजात दिलाने में सहायक होगी। जिला विपणन अधिकारी कल्याण सिंह ठाकुर ने बताया कि ई-टोकन के लिए नई समय-सारणी निर्धारित की गई है। निजी क्षेत्र के लिए सुबह 10 बजे से 11 बजे तक और सहकारी क्षेत्र के लिए सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक का समय तय किया गया है। किसान इन दो घंटों में घर बैठे टोकन बुक कर खाद प्राप्त कर सकते हैं। ठाकुर ने यह भी बताया कि प्रतिदिन निर्धारित समय में स्टॉक डाला जाएगा, जिससे किसान अपना स्टॉक बुक करके खाद ले सकें। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में 3000 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। एनपी और डीएपी की कोई कमी नहीं है। किसान फिलहाल यूरिया का ही उठाव कर रहे हैं, जो सभी डबल लॉक गोदामों में मौजूद है।यह नई प्रणाली कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर पूरे जिले में शुरू की गई है। ई-टोकन की वैधता तीन दिन की होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *