रायसेन में रविवार को दो युवकों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। दातुन तोड़ते समय एक युवक बिजली के तारों की चपेट में आ गया। उसे बचाने आए दूसरे युवक को भी करंट लग गया। दोनों के परिजन युवकों को इलाज के लिए सिविल हॉस्पिटल सिलवानी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामला सिलवानी तहसील के ग्राम चुन्हेटिया का है। पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय संदीप ठाकुर दांत साफ करने के लिए सहजपुर रोड पर बबूल के पेड़ से दातुन तोड़ रहा था, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने बसंत आदिवासी(20) नाम का युवक दौड़ा तो उसे भी करंट लग गया। मृतक संदीप ठाकुर विवाहित है और उसका एक लड़का और एक लड़की है। बसंत आदिवासी अविवाहित है, जो दो भाई और तीन बहनों में सबसे छोटा था। घटना के बाद से दोनों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर सिलवानी टीआई जेपी त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे घटनास्थल की जांच की। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्ट्या दोनों युवकों मौत की करंट लगने से हुई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा और मर्ग पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। टीआई जेपी त्रिपाठी ने बताया कि बबूल के पेड़ के पास से बिजली के तार गए थे, कुछ ही दूरी पर डीपी रखी है। संभवत इसी डीपी में से बिजली के तार गए थे, जिससे दोनों युवक करंट की चपेट में आ गए।


