रायसेन में स्वामी विवेकानंद जयंती युवा दिवस के अवसर पर कल (12 जनवरी) जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शहर के खेल स्टेडियम में होने वाले इस आयोजन में करीब 3500 विद्यार्थी, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि एक साथ सूर्य नमस्कार करेंगे। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार शाम को शिक्षा विभाग की देखरेख में खेल स्टेडियम में सूर्य नमस्कार का अंतिम पूर्वाभ्यास भी कराया गया। यह विशेष कार्यक्रम सुबह 9 बजे शुरू होगा। स्कूली विद्यार्थियों को सुबह 8:30 बजे तक स्टेडियम पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम की शुरुआत में स्वामी विवेकानंद के विचारों और संदेशों का प्रसारण किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का विशेष संदेश आकाशवाणी के माध्यम से सुनाया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक ने बताया कि इस कार्यक्रम में शहर के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों व कॉलेजों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इस जिला स्तरीय सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पवार, स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष सविता को आमंत्रित किया गया है। इनके साथ ही कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।


