रायसेन में 120 पटवारियों ने गेंद-बल्ला थामा, 8 टीमें बनाईं:पटवारियों का क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू, 8 फरवरी को होगा सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला

रायसेन में पटवारियों के मानसिक तनाव को कम करने और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पहली बार पटवारी प्रीमियम लीग टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। मध्य प्रदेश पटवारी संघ के तत्वावधान में आयोजित यह तीन दिवसीय टूर्नामेंट 6 फरवरी को शुरू हुआ, जिसमें जिले की 12 तहसीलों के 448 पटवारी शामिल हुए। आठ टीमों में कुल 120 पटवारी क्रिकेट खेलेंगे। टूर्नामेंट के पहले दिन गुरुवार को ग्रुप-ए के चार मुकाबले खेले गए। शनिवार को ग्रुप-बी के चार मैच आयोजित हुए, जबकि रविवार 8 फरवरी को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में कुल 8 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-ए में रायसेन वारियर्स, रायसेन ग्लैडिएटर्स, रातापानी टाइगर्स (गौहरगंज) और गैरतगंज सुपर जायंट्स शामिल हैं। वहीं, ग्रुप-बी में सिलवानी स्ट्राइकर्स, बाड़ी एवेंजर्स, बेगमगंज चैलेंजर्स और उदयपुरा सुपर किंग्स टीमें मैदान में उतरी हैं। आयोजन समिति के अनुसार, दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। पहले सेमीफाइनल में ग्रुप-ए की टॉपर टीम का मुकाबला ग्रुप-बी की दूसरी टीम से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में ग्रुप-बी की टॉपर टीम ग्रुप-ए की दूसरी टीम से भिड़ेगी। दोनों सेमीफाइनल के विजेता फाइनल में आमने-सामने होंगे। टूर्नामेंट की विजेता टीम को 11 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। उपविजेता टीम को 7 हजार 500 रुपए नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह चौधरी ने बताया कि पटवारियों पर शासन और प्रशासनिक कार्यों का अत्यधिक दबाव रहता है। इस कारण वे लगातार तनाव में रहते हैं और अपनी फिटनेस पर ध्यान नहीं दे पाते। इसी को देखते हुए रायसेन में पहली बार इस तरह का खेल आयोजन किया गया है, ताकि पटवारी तनावमुक्त होकर स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *