रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 साल की मासूम से दुष्कर्म के मामले में आरोपी सलमान अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी न होने से लोगों में भारी आक्रोश है। महिलाओं और बच्चों ने थाने में पहुंचकर धरना दिया। यह शर्मनाक घटना केवल रायसेन ही नहीं, बल्कि नर्मदापुरम जिले में भी लोगों को झकझोर रही है। बुधवार को अंतरराष्ट्रीय राष्ट्रीय बजरंग दल ने सकल हिंदू समाज के साथ मिलकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसपी ऑफिस चौराहे पर चक्काजाम कर सड़क पर बैठकर विरोध जताया। लोगों ने आरोपी सलमान को जल्द गिरफ्तार करने और उसे फांसी की सजा देने की मांग की। संगठन ने मांग की है कि आरोपी सलमान को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उसके घर पर भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर 24 घंटे के भीतर ऐसा नहीं हुआ तो अंतरराष्ट्रीय बजरंग दल, हिंदू संगठनों और हिंदू समाज के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। करीब 20 मिनट तक चक्काजाम कर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इसके बाद एसडीओपी जितेंद्र पाठक और कोतवाली टीआई कंचन सिंह ठाकुर मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें अपनी बात रखी और फिर एसपी को ज्ञापन सौंपा। रैली निकालकर लगाए गए मुर्दाबाद के नारे सतरस्ते से लोग रैली निकालते हुए एसपी ऑफिस चौराहे तक पहुंचे। इस दौरान भीड़ ने “मासूम बेटी को न्याय दो”, “दुष्कर्मी को फांसी दो” के नारे लगाए।


