रायसेन शहर के सागर तिराहे पर एक चलती बाइक में अचानक आग लग गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब बाइक सवार पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। घटना शनिवार देर शाम की है जिसका वीडियो रविवार को सामने आया। जानकारी के अनुसार, बाइक पर दो युवक सवार थे। जैसे ही वे सागर तिराहे से पेट्रोल पंप की ओर मुड़े, उसी दौरान बाइक में अचानक आग भड़क उठी। बाइक में आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत धूल डालकर आग बुझाने की कोशिश की, वहीं मौके पर मौजूद यातायात पुलिस के एक जवान ने कपड़े की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कुछ ही देर में आग बुझा दी गई। टैंक के पास से पेट्रोल रिस रहा था
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक के पेट्रोल टैंक के पास से पेट्रोल रिस रहा था। इसी दौरान चलते-चलते बाइक में आग लग गई। यदि आग ज्यादा फैलती तो पास में पेट्रोल पंप होने के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के समय बाइक सवार युवक पेट्रोल भरवाने ही पेट्रोल पंप पहुंचे थे, लेकिन इससे पहले ही बाइक में आग लग गई। हालांकि, लोगों की सूझबूझ और यातायात पुलिस की तत्परता से स्थिति पर काबू पा लिया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


