रावतभाटा क्षेत्र में चंबल नदी में मिलने वाली मध्यप्रदेश होकर राजस्थान में आ रही ब्राह्मणी नदी पर 1140 करोड़ की लागत से प्रस्तावित बांध के लिए जल संसाधन विभाग एक बार फिर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाएगा। इसके लिए भारत सरकार की कंपनी वेब कोस को 5.30 करोड़ रुपए का वर्कऑर्डर जारी कर दिया गया है। इस डीपीआर में देखा जाएगा कि बांध के पानी को कैसे ग्रेविटी से बनास नदी तक ले जाया जा सकेगा, ताकि बीसलपुर, अजमेर होकर जयपुर में पानी भेजा जा सके। 2024 के बजट में राजस्थान सरकार ने 500 करोड़ की घोषणा की थी, जबकि चंबल के सभी सरप्लस पानी को अन्य नदियों में जोड़ने के लिए 8 हजार करोड़ का प्रावधान बजट में किया गया था। रावतभाटा उपखंड क्षेत्र की श्रीपुरा ग्राम पंचायत के दौलपुरा गांव में बांध बनाया जाना प्रस्तावित है। चंबल के संगम से लगभग 8 किमी दूर बांध बनाया जाएगा। उसके बाद चंबल में ब्राह्मणी का संगम नहीं होगा। फिर ब्राह्मणी का पानी बनास में जाएगा। कोटा के अधीक्षण अभियंता अजीजुद्दीन अंसारी ने बताया कि ब्राह्मणी नदी पर बांध बनाए जाने की योजना के लिए फिर से डीपीआर बनाई जाएगी। इसमें 5 करोड़ 30 लाख रुपए का वर्कऑर्डर जारी कर दिया गया है। इसमें देखा जाएगा कि कैसे बांध का पानी कम खर्च में ग्रेविटी के आधार पर पहुंच सके। इसके लिए एक लंबी नहर भी बनाए जाने की योजना है।


