धौलपुर| जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन 26 दिसंबर को किया जाएगा। जिसकी तैयारी बैठक मंगलवार को अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक महेश कुमार मंगल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सहायक परियोजना अधिकारी विशाल गुप्ता एवं बबीता पाराशर ने युवा महोत्सव के मिनट टू मिनट कार्यक्रम की जानकारी दी तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के बारे में चर्चा की। विकसित भारत,विकसित राजस्थान की संकल्पना को साकार करने के लिए विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं नवाचार थीम पर आधारित राज्य महोत्सव के बारे में बताया। कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र प्रसाद शर्मा ने कार्यक्रम स्थल नगर परिषद ऑडिटोरियम मचकुंड रोड पर आगंतुक संभागियों के प्रस्तुतीकरण में निर्णायक गणों को मूल्यांकन प्रपत्रों की जानकारी दी। एडीपीसी महेश मंगल ने युवा प्रतिभागियों को प्रतियोगिता में उचित अवसर देते हुए निष्पक्षता के साथ निर्णय करने का निर्णायक मंडलों से आग्रह किया तथा प्रत्येक प्रतियोगिता के निर्णायकों से निर्धारित प्रपत्र के अनुरूप अंक प्रदान कर प्रतियोगिता स्थल पर ही परिणाम तैयार कर उन्हें पुरस्कृत करने की बात कही। उन्होंने जिले के प्रतिभागियों से भी समय पर प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर अपना पंजीयन कराने के निर्देश दिए। इसके लिए पंजीयन समय सुबह 8 बजे से 10 बजे तक रखा गया है। कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र प्रसाद शर्मा ने बताया कि थैमेटिक, सांस्कृतिक, जीवन कौशल, युवा कीर्ति एवं राजस्थानी संस्कृति के अंतर्गत विज्ञान प्रौद्योगिकी, एकल एवं समूह लोक गायन, लोक नृत्य, कविता पाठ, कहानी लेखन, पोस्टर, भित्ति चित्र, हस्तकला, वस्त्र कला, लुप्त एवं दुर्लभ कला मांडना, कठपुतली आदि 13 प्रतियोगिताएं होंगी। ब्लॉक से तीन विजेता प्रतिभागी जिला स्तर पर भाग लेंगे। एपीसी विशाल गुप्ता ने राज्य युवा महोत्सव के सफल आयोजन हेतु मंच व्यवस्था, प्रोटेस्ट, मीडिया एवं स्वीप, तकनीकी, सामान्य व्यवस्था एवं अभिलेख संधारण समिति के अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रधानाचार्य वेद प्रकाश कर्दम, रमन परमार, अर्चना शेखर, मदनलाल शर्मा, रणवीर सिंह रावत, वंदना बघेल,अतुल चौहान आदि उपस्थित रहे।


