भास्कर संवाददाता| लाठी क्षेत्र में लंबे समय के बाद लाठी क्षेत्र के सनावड़ा गांव के पास बजरी का वैध खनन शुरू हुआ है। नागाणाराय प्रोजेक्ट ग्रेवल माइनिंग कंपनी द्वारा बजरी लीज का शुभारंभ करते हुए गाड़ियां भरवाने का काम शुरू किया गया। सनावड़ा गांव के पास नागाणाराय प्रोजेक्ट ग्रेवल माइनिंग कंपनी के काम शुरू करने को लेकर पिछले कुछ दिनों से नाकों पर धर्मकांटा लगाने व रास्ता बनाने का काम किया जा रहा था। कंपनी में दो धर्मकांटे लगाए गए, जहां पर डंपर व ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का वजन होकर ई-रवान्ना दिया जाएगा। कंपनी शुभारंभ के पहले दिन बजरी भरवाने का काम शुरू किया गया। सुप्रीम कोर्ट की रोक के बाद बजरी का वैध खनन शुरू होने से आमजन को राहत मिलेगी। गांवों में अटका प्रधानमंत्री आवास सहित अन्य निर्माण कार्य अब हो सकेंगे।


