हनुमानगढ़ के रावतसर में मंगलवार को हुए सड़क हादसे के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है। ट्रक ड्राइवर शिवरतन ने बस ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। रावतसर थाना पुलिस के अनुसार, परिवादी शिवरतन निवासी वार्ड नंबर 1, नोखा, बीकानेर ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि 20 जनवरी को सुबह करीब 2 बजे वह अपने ट्रक (नंबर आरजे 62ए 2975) में किन्नू भरकर श्रीगंगानगर से हैदराबाद जा रहा था। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे रावतसर के पास 31 डीडब्ल्यूडी क्षेत्र में सामने से आ रही स्लीपर बस (नंबर आरजे-13-पीए-9352) के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसके ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शिवरतन को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर बस चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई विजेंद्र शर्मा को सौंपी गई है। गौरतलब है कि मंगलवार सुबह करीब 8.15 बजे हुई इस दुर्घटना में कुल 22 लोग घायल हुए थे। सुबह के समय कोहरे के कारण दृश्यता भी काफी कम थी।


