राष्ट्रपति ने खरोरा सड़क हादसे पर जताया दुख:प्रधानमंत्री मोदी देंगे मृतकों को 2-2 लाख, छठी कार्यक्रम से लौट रहे 13 गांव वालों की मौत

रायपुर के खरोरा इलाके में हुए सड़क हादसे को लेकर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने मृतकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मृतकों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा भी की गई है। राष्ट्रपति की ओर से लिखा गया- रायपुर, छत्तीसगढ़ में एक सड़क दुर्घटना में बच्चों एवं महिलाओं सहित कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहन संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। प्रधानमंत्री देंगे सहायता राशि
हादसे की खबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास भी पहुंची। प्रधानमंत्री कार्यालय PMO इंडिया ने प्रधानमंत्री के संदेश को सोशल मीडिया पर लिखा – रायपुर, छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत से बहुत दुःखी हूँ। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। राज्य सरकार ने भी किया है मदद का एलान
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खरोरा में हुए भीषण सड़क हादसे की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री श्री साय ने घायलों के समुचित उपचार हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने घोषणा की है कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को पाँच-पाँच लाख रुपए तथा घायलों को पचास-पचास हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री साय ने जिला प्रशासन को त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। ऐसे हुआ हादसा
दरअसल, रायपुर के खरोरा इलाके में रविवार देर रात 12 बजे के आस-पास मिनी ट्रक और ट्रेलर की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई। 14 लोग घायल हुए हैं। ट्रक में सवार ये सभी लोग छठी कार्यक्रम से लौट रहे थे। ट्रक खरोरा के बाना गांव से आ रहा था। बंगोली में इसे रायपुर से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *