जयपुर के जोरावर सिंह गेट स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में 50वें स्थापना दिवस का आयोजन शुरू हो गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ 7 फरवरी को आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा, उप महानिदेशक सत्यजीत पॉल और कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने भगवान धन्वंतरि के पूजन के साथ किया। मुख्य समारोह 8 फरवरी को संस्थान के सभागार में आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव मुख्य अतिथि होंगे। इस अवसर पर जयपुर सांसद मंजू शर्मा और हवा महल विधायक बालमुकुंदाचार्य महाराज सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में संस्थान के 14 विभागों द्वारा किए जा रहे चिकित्सा और शोध कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। स्थापना दिवस के विशेष अवसर पर आम जनता के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल के सहयोग से 8 फरवरी को सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक कैंसर की निशुल्क जांच और जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में मेमोग्राफी, पेप स्मीयर टेस्ट, एक्स-रे, सीए 125, पीएसए टेस्ट सहित विभिन्न रक्त परीक्षण निशुल्क किए जाएंगे। कैंसर विशेषज्ञ इस दौरान लोगों को कैंसर के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान करेंगे।


