भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा रायपुर द्वारा प्रायोजित राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत कोरिया जिले के विज्ञान क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों के लिए संभाग स्तरीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। भ्रमण में जिले के 100 चयनित विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना व उन्हें व्यवहारिक ज्ञान से जोड़ना रहा। इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने आकाशवाणी केंद्र, अंबिकापुर व कृषि विज्ञान केंद्र अंबिकापुर का दौरा किया। आकाशवाणी केंद्र में विद्यार्थियों को रेडियो प्रसारण के प्रक्रिया की जानकारी, कार्यक्रम निर्माण, सूचना व मनोरंजन के प्रभावी माध्यमों और संचार के महत्व के बारे में बताया। विद्यार्थियों ने स्टूडियो, रिकॉर्डिंग कक्ष और प्रसारण प्रणाली को नजदीक से देखा, जिससे उनमें मीडिया और संचार के प्रति विशेष रुचि जागी। इसके बाद विद्यार्थियों को कृषि विज्ञान केंद्र का भ्रमण कराया, जहां उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों, मौसम व बाजार आधारित कृषि सलाह, पशुपालन, बागवानी और नवीन वैज्ञानिक पद्धतियों की व्यावहारिक जानकारी दी। वैज्ञानिकों द्वारा किए गए प्रयोगों और प्रदर्शनों के माध्यम से विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में विज्ञान की भूमिका को समझाया। सह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए बहुत ज्ञानवर्धक व व्यवहारिक जीवन में उपयोगी साबित होगी, जो उनके शैक्षणिक विकास के साथ-साथ भविष्य के करियर निर्माण में भी सहायक होगा। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी विनोद राय, सहायक संचालक जितेन्द्र गुप्ता, जिला मिशन समन्वयक संजय सिंह व एपीसी ब्रिज राज गिरी ने विद्यार्थियों को दिशा-निर्देश व मार्गदर्शन दिया।


