राष्ट्रीय उत्पादकता दिवस बुधवार को मनाया जाएगा। सरकार ने 12 से 18 फरवरी तक राष्ट्रीय उत्पादकता सप्ताह घोषित किया है, जिसका उद्देश्य उत्पादन के साथ-साथ संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के प्रति जागरूकता लाना है। जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था के सभी क्षेत्रों में गुणवत्ता, दक्षता और प्रतिस्पर्धात्मकता में सुधार आ सके। राष्ट्रीय उत्पादकता परिषद, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार (क्षेत्रीय निदेशालय जयपुर) एवं राजस्थान राज्य उत्पादकता परिषद जयपुर के द्वारा 12-18 फरवरी तक उत्पादकता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। “प्रतिस्पर्धी स्टार्टअप के लिए बौद्धिक सम्पदा की रक्षा, विचार से प्रभाव तक” थीम पर जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इस दौरान उत्पादकता संवर्धन के लिए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय भारत सरकार के एमएसएमई प्रतिस्पर्धी की योजना के बारे में बताया जाएगा और वैश्विक प्रतिस्पर्धा बढ़ाने हेतु उद्योगों को जागरूक किया जाएगा। सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि उत्पादकता किसी भी राष्ट्र या राज्य की आर्थिक प्रगति और समृद्धि का आधार है। यह न केवल अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव डालती है, बल्कि इससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिलता है। जब श्रम और संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग होता है, तो उद्यमों को अधिक लाभ, आर्थिक वृद्धि और समग्र अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।


