आगर मालवा में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शनिवार को सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र, एनआरएलएम भवन में हुए इस आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों, शिक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं विधायक प्रतिनिधि भैरू सिंह चौहान ने बताया कि शासन बालिकाओं के जन्म से लेकर शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चला रहा है। उन्होंने आगर जिले की बालिकाओं की शिक्षा और खेल में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की सराहना की। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी राजीव गुप्ता ने राष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश कुम्भकार ने भी बालिकाओं के शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें खेलकूद में आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर मेधावी बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इनमें तीरंदाजी में राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करने वाली दीपिका राठौर शामिल थीं। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2025 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाली अंशिका शर्मा, वंशिका जाटव, शिवानी भिलाला, आरची जैन, प्रीति बसेर, अल्फिया लाहौरी, छवि गर्ग, रिया कारपेंटर, प्रियांशी राठौड़, स्वाति विश्वकर्मा और अदिति जैन को भी प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान किए गए। शौर्य दल की परेड कमांडर मसर्रत कुरेशी, सदस्या पूजा राव राजपूत और चंचल राजपूत को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला संयोजक अंकित सोलंकी ने बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में ममता फाउंडेशन के जिला समन्वयक अनूप पटेल, पर्यवेक्षक संगीता तोमर, सरिता नवरंग, निवेदिता चौहान, कृष्णा कामरिया, शौर्य दल के सदस्य और बड़ी संख्या में बालिकाएं उपस्थित थीं।


