भास्कर न्यूज | बेनूर नारायणपुर जिले में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव गायत्री साय के निर्देशन एवं अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति नारायणपुर हरेंद्रसिंह नाग अपर सत्र न्यायाधीश तथा प्रतिभा मरकाम मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के निर्देशानुसार किया गया। चंद्र प्रकाश कश्यप, रिटेनर अधिवक्ता नारायणपुर के नेतृत्व में अधिकार मित्र रेणुका बघेल द्वारा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सुपगांव भरण्डा, थाना क्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों और बाल संरक्षण से संबंधित कानूनों की जानकारी दी गई। इस दौरान बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, यौन अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 (पॉक्सो एक्ट), साइबर अपराध से बचाव, महिला हेल्पलाइन 181, डायल 112 एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम के तहत पुत्र एवं पुत्री को पैतृक संपत्ति में समान अधिकार के विषय में भी समझाया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा नशामुक्ति अभियान, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा सुरक्षा उपायों और आपात स्थिति में त्वरित सहायता की प्रक्रिया पर मार्गदर्शन दिया गया। प्राचार्य ने ऐसे कार्यक्रमों को बालिकाओं के सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर भविष्य के लिए आवश्यक बताया।


