भास्कर न्यूज| महासमुंद 33वीं राष्ट्रीय जूनियर बेसबॉल चैंपियनशिप का आयोजन उत्तर प्रदेश बेसबॉल एसोसिएशन के द्वारा 27 जून से 1 जुलाई 2025 तक गढ़मुक्तेश्वर जिला पाटन उत्तर प्रदेश में आयोजित किया गया, जिसमें तुमगांव के पार्थ छत्तीसगढ़ राज्य की टीम में शामिल होकर रजत पदक जीतने में सफलता हासिल किया है। इससे पहले राज्य स्तरीय प्रतियोगिता बिलासपुर में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर छत्तीसगढ़ की टीम का चयन किया गया था, जिसमें महासमुंद जिले से पार्थ शर्मा पिता हर्ष शर्मा का चयन हुआ था, जिसने राष्ट्रीय बेसबॉल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ राज्य की टीम में शामिल होकर रजत पदक जीतने में सफलता हासिल किया। तुमगांव निवासी पार्थ वेडनर मेमोरियल स्कूल महासमुंद में अध्यनरत हैं। पार्थ विगत 4 वर्षों से तुमगांव खेल मैदान में प्रशिक्षक डॉ सुनील कुमार भोई व्यायाम शिक्षक भोरिंग के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास करते हुए राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक प्राप्त किया है, जहां आसपास क्षेत्र के बच्चे शामिल होते हैं। राष्ट्रीय बेसबॉल प्रतियोगिता में पार्थ के रजत पदक जीतने पर अध्यक्ष नगर पंचायत बलराम कांत साहू, उपाध्यक्ष सावित्री उत्तम निर्मलकर, जनपद पंचायत सदस्य प्रियंका लवेश ढ़ीढी, पार्षद राम शरण निर्मलकर, गौतम सिन्हा, चोवाराम तांडेकर, शिव यादव, भुवनेश्वर साहू, पार्षद रोहित साहू, शत्रुहन निषाद, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरें, खेल अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण मनोज धृतलहरे, सरपंच भोरिंग लीला लोकेश्वर, उप सरपंच भेखलाल साहू ने बधाई व शुभकामनाएं दी। तुमगांव व भोरिंग में संचालित खेल मैदान में विगत वर्ष 65 बच्चों ने राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में शामिल हुए। वही 95 बच्चों ने विभिन्न खेलों रग्बी, सॉफ्टबॉल, बेसबॉल, एथलेटिक्स, तलवारबाजी, हैंडबॉल में से राज्य स्तरीय ओपन प्रतियोगिता में शामिल हुए। केवल बेसबॉल में प्रतिवर्ष 30 से 40 खिलाड़ी राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं 40 से 50 खिलाड़ी राज्य स्तरीय ओपन प्रतियोगिता में शामिल होते हैं। इसी मैदान से ही 3 खिलाड़ी नेशनल गेम्स उत्तराखंड में शामिल हुए। 2 खिलाड़ी विश्वविद्यालय के सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में शामिल हुए।


