भास्कर न्यूज | कोंडागांव बीमार युवती से छेड़छाड़ करने के मामले में ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया जिसके बाद पुलिस एक्शन में आई और मामले पर 70 से अधिक बाहरी लोगों को उठाया। छेड़छाड़ मामले पर फिलहाल एक आरोपी गिरफ्तार है और एक आरोपी फरार है। आदिवासी समाज ने अब पुरे मामले पर कहा कि शांत बस्तर को अशांत करने का प्रयास किया जा रहा है, आरोपी अब तक तो बाहर छेड़छाड़ करते थे अब घरों तक पहुंचने लगे हैं। अपराध करने वाले छत्तीसगढ़ के नहीं बल्कि बाहरी घुसपैठिये हैं जो बस्तर में आकर यहां की मां, बहन बेटियों की आबरू लूटने का प्रयास करते हैं यह पहला मामला नहीं है इससे पूर्व भी ऐसी दर्जनों घटनाएं हुई हैं। पीड़िता ने भास्कर को बताया कि 30 जून की दोपहर 2 लोग फेरी वाले के रूप घर में पहुंचे थे और अंदर रूम तक आ पहुंचे जहां उससे गैस चूल्हा लेने को कहा। युवती ने मना किया तो अकेले देखकर बीमार युवती के सामने ही अपने कपड़े खोल दिए और युवती के साथ जबरदस्ती करने लगे। इस बीच एक युवक बाहर ही खड़ा था, युवती के चिल्लाने के बाद आसपास के लोगों ने बाहर खड़े युवक को पकड़ लिया और दूसरा आरोपी फरार हो गया।


