राष्ट्रीय मतदाता दिवस: ‘मेरा भारत मेरा वोट’ थीम पर कार्यक्रम:बूंदी में युवाओं ने ली लोकतंत्र सुदृढ़ीकरण की शपथ

स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनावों के प्रति नागरिकों की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने और लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखने के उद्देश्य से हर वर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष सोलहवां राष्ट्रीय मतदाता दिवस ‘मेरा भारत मेरा वोट’ थीम के साथ देशभर में आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में बूंदी जिले के पेच की बावड़ी में युवा विद्यार्थियों के लिए जनचेतना संगोष्ठी और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जहां उन्हें मतदाता शपथ दिलाई गई। यह कार्यक्रम जिला इलेक्शन आइकॉन डॉ. सर्वेश तिवारी के नेतृत्व में जनचेतना कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आयोजित हुआ। राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पेच की बावड़ी में प्रिंसिपल शंकर लाल मीणा की अध्यक्षता में हुई इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य भावी पीढ़ी के माध्यम से भारतीय लोकतंत्र के केंद्र में नागरिक संदेश फैलाना था। प्रशिक्षु छात्राध्यापक जिशान अंसारी ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन किया। उन्होंने संविधान, निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतंत्र से जुड़े रोचक प्रश्नों के माध्यम से विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की और मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर संस्था प्रधान ने संबोधित करते हुए कहा कि एक जागरूक और निष्पक्ष मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की नींव होता है। उन्होंने शपथ के प्रत्येक पॉइंट का आशय स्पष्ट करते हुए विद्यार्थियों को धर्म, वर्ग, जाति या समुदाय के प्रभाव से मुक्त होकर निर्भीक एवं निष्पक्ष मतदान करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना था। भावी पीढ़ी को स्वस्थ मतदान व्यवहार के प्रति जागरूक करने के लिए आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सर्वाधिक प्रश्नों का सही उत्तर देकर प्रियंका सोहेल विजेता रहीं, जबकि मोनू सैनी ने पोस्टर प्रतियोगिता में अव्वल स्थान प्राप्त किया। आयोजन समिति में चंदन पांचाल, देवेंद्र मीणा और दीपक मीणा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में बूथ लेवल ऑफिसर रामराज मीणा ने मतदाता सूची में नामांकन और उसकी शुद्धता के महत्व के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *