राष्ट्रीय लोक अदालत में 63379 मामलों का निपटारा, 20 करोड़ 40 लाख की राजस्व प्राप्ति

भास्कर न्यूज | गिरिडीह जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से व्यवहार न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिसमें 63379 मामलों का निष्पादन हुआ। 20 करोड़, 40लाख, 74 हजार 719 रुपए की राजस्व प्राप्ति हुई। उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय, उपायुक्त सह उपाध्यक्ष नमन प्रियेश लकड़ा, पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार, कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश धनंजय कुमार, जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम मनोज चंद्र झा, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रकाश सहाय और जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव सोनम बिश्नोई ने किया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि वर्ष 2024 के लिए अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आमजनों एवं पक्षकारों को लाभ देने के लिए किया गया। यहां पक्षकारों को अपने मामलों में त्वरित निष्पादन का लाभ तो मिलता ही है साथ ही साथ न्यायालय का बोझ भी कम होता है। इस राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलहनीय आपराधिक मामलों, सिविल मामलों, बैंक मामलों, वाहन दुर्घटना वाद से संबंधित मामलों बिजली, वन विभाग, उत्पाद, माप तौल, खाद्य सुरक्षा आदि विभागों से संबंधित मामलों का निष्पादन किया गया। जिला प्रशासन भी मदद के लिए तैयार: नमन प्रियेश लकड़ा उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों में शामिल होकर पक्षकार अपने मामलों को निष्पादित कराएं। जिला प्रशासन भी न्यायपालिका के साथ तालमेल स्थापित कर हर संभव मदद करने के लिए तत्पर है। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रकाश सहाय ने इस राष्ट्रीय लोक अदालत की विशेषता एवं महत्ता पर प्रकाश डाला। आम पक्षकारों को आह्वान किया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में बढ़-चढ़कर अपने मामलों का निष्पादन करा कर खुशी-खुशी अपने घर की ओर जाएं और समाज में सौहार्द एवं अमन का वातावरण बनाए रखें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *