झालावाड़ जिले के खानपुर में राष्ट्र सेविका समिति खंड खानपुर द्वारा 21 दिसंबर को पहली बार पथ संचलन का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर तैयारियाँ तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में समिति की सेविकाओं को गणवेश वितरित की गई। इसका उद्देश्य पथ संचलन की व्यवस्थित और अनुशासित तैयारी सुनिश्चित करना है। समिति ने इस संचलन में लगभग 500 महिला सेविकाओं को शामिल करने का लक्ष्य रखा है। गणवेश वितरण कार्यक्रम के दौरान समिति के कार्यकर्ताओं ने पथ संचलन के उद्देश्य, महत्व और अनुशासन के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह संचलन राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और नारी शक्ति के संगठनात्मक स्वरूप का प्रतीक है, जिसके माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश दिया जाएगा। इस अवसर पर सभी सेविकाओं में विशेष उत्साह देखा गया। मीडिया प्रभारी शिल्पा नागर ने बताया कि पथ संचलन को सफल बनाने के लिए सभी को समयपालन, एकरूपता और अनुशासन का पालन करने का संकल्प दिलाया गया है। राष्ट्र सेविका समिति का यह पथ संचलन सामाजिक समरसता, राष्ट्र सेवा और संस्कारों के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


