कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार सुबह दिल्ली से पटना के लिए रवाना हो चुके हैं। 4 महीने में राहुल गांधी का ये तीसरा बिहार दौरा है। पटना पहुंचने के बाद एयरपोर्ट से ही राहुल गांधी बेगूसराय रवाना होंगे। वहां कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार की ‘पलायन रोको और नौकरी दो’ यात्रा में शामिल होंगे। कन्हैया के साथ राहुल गांधी करीब 2 किलोमीटर पदयात्रा भी करेंगे। इस दौरान आम लोगों के साथ-साथ यात्रा में शामिल युवाओं से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे। इसके बाद पटना में राहुल गांधी श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन में शामिल होंगे। राहुल पार्टी की मीटिंग में भी शामिल होंगे। राहुल गांधी ने रविवार को अपने X हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा है बिहार के युवा साथियों, मैं 7 अप्रैल को बेगूसराय आ रहा हूं। पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा में आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने। लक्ष्य है कि पूरी दुनिया को बिहार के युवाओं की भावना दिखे, उनका संघर्ष दिखे, उनका कष्ट दिखे। आप भी व्हाइट टी-शर्ट पहन कर आइए। सवाल पूछिए, आवाज उठाइए। सरकार पर आपके अधिकारों के लिए दबाव बनाने के लिए, उसे हटाने के लिए। बेगूसराय में 2 KM पैदल चलेंगे राहुल गांधी बेगूसराय जिला मुख्यालय स्थित सुभाष चौक के पास राहुल गांधी पदयात्रा में जुड़ेंगे। वहां से करीब 2 किलोमीटर तक पैदल चलेंगे। इस दौरान कपस्या चौक के पास नुक्कड़ सभा को संबोधित करेंगे। पदयात्रा के दौरान कन्हैया कुमार, NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास, AICC सचिव और बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरु मौजूद रहेंगे। चौपाल कार्यक्रम को लेकर भी बात करेंगे राहुल गांधी बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने बताया कि ‘राहुल गांधी बिहार में संगठनात्मक पहलुओं को ताकत देने का संदेश देंगे। हर गांव में पंचायत स्तर पर चौपाल कार्यक्रम को कैसे किया जाए और अपने जिला अध्यक्षों को ताकत कैसे दें। इस मुद्दे पर विस्तार से पार्टी नेताओं के साथ विमर्श करेंगे।’ संविधान सुरक्षा सम्मेलन में स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया जाएगा राहुल गांधी पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में संविधान सुरक्षा सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके संयोजक अनिल जय हिंद ने बताया, ‘1 अप्रैल से 7 अप्रैल तक जन्में महापुरुष, जो देश की आजादी के लिए लड़े हैं, उनको विशेष रूप से याद किया जाएगा।’ ‘आजादी की लड़ाई में शामिल बुद्धु नोनिया की शहादत को याद किया जाएगा। बाबू जगजीवन राम की ऐतिहासिक योगदान के साथ साथ अमर शहीद प्रजापति रामचंद्र विद्यार्थी की जयंती को भी याद किया जाएगा।’ 5 हजार लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन इस कार्यक्रम में जो भी लोग शामिल होने जा रहे हैं, वह सामाजिक संस्थान से जुड़े हैं। करीब 200 सामाजिक संस्थाओं का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। अब तक 5000 लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया है। यह सभी लोग अपनी स्वेच्छा से इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। तीन महीने पहले भी पटना आए थे राहुल गांधी पटना में 18 जनवरी को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आए थे और पार्टी की ओर से आयोजित संविधान सुरक्षा सम्मेलन में शामिल हुए है। सम्मेलन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने मोदी सरकार, RSS और बिहार में हुई जातीय गणना पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा था, ‘बिहार पेपर लीक का सेंटर बन चुका है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। मंहगाई बढ़ रही है।’ बोले, ‘RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि भारत को 15 अगस्त 1947 को आजादी नहीं मिली थी। अगर वह कह रहे हैं कि भारत को 15 अगस्त 1947 को आजादी नहीं मिली, तो वह भारत के संविधान को नकार रहे हैं। वह भारत के हर संस्थान से डॉ बीआर अंबेडकर, भगवान बुद्ध, महात्मा गांधी की विचारधारा को मिटा रहे हैं।’ पूरी खबर पढ़ें


