जमीन विवाद के एंगल से भी जांच, 6 जनवरी को पंडरा में मिली थी धमकी पुलिस जमीन विवाद के एंगल से भी जांच कर रही है। बिल्डर ने बताया कि 6 जनवरी को वे पंडरा स्थित प्लॉट की मापी कराने गए थे। तब तौसिफ, आसिफ, नईम और बादशाह पहुंचे। कहा कि इस जमीन पर राहुल दूबे और अमन साहू गैंग के लोग काम कर रहे हैं। वहां से लौटने की धमकी भी दी। रांची| अरगोड़ा के अशोक आश्रम में रहने वाले बिल्डर राफे कमाल से 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी है। बिल्डर ने मंगलवार को इस संबंध में अरगोड़ा थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। राफे कमाल का आरोप है कि 11 जनवरी की रात करीब 8 बजे उनके मोबाइल पर मैसेज भेजकर राहुल दूबे गैंग के सदस्य प्रकाश शुक्ला ने 5 करोड़ की रंगदारी मांगी। अपराधी ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं मिले तो तुम अपनी कब्र खुद खोद लो, तुम्हें दफना दूंगा। इसके साथ ही एक ऑडियो क्लिप भी भेजा गया है, जिसमें बिल्डर और उनके परिवार को दो दिनों का अल्टीमेटम दिया गया है। बिल्डर ने पुलिस को बताया कि 17 जनवरी को उनके छोटे भाई की रेकी की जा रही थी। आरोप है कि अपराधियों ने फोटो और वीडियो बनाकर परिवार की गतिविधियों पर नजर रखी। राफे कमाल का कहना है कि अब पूरा परिवार अपराधियों के निशाने पर है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा मांगी है।


