राह चलते लोगों के फोन छीनने वाले चोर तीन पकड़ाए:सागर में 8 मोबाइल, बाइक जब्त; सस्ते दामों में बेंच देते थे

सागर की कैंट थाना पुलिस ने शनिवार को मोबाइल लूट के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग शामिल है। पूछताछ में उनके कब्जे से अलग-अलग वारदातों में लूटे गए 8 मोबाइल फोन और एक बाइक जब्त की गई है। मामले में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, फरियादी मो. शाद पिता शहजाद निवासी शनिचरी वार्ड ने थाने में शिकायत करते हुए बताया था कि वह 1 जनवरी को वालीबॉल खेलने के लिए वात्सल्य स्कूल के मैदान में गया था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ा होकर दोस्त से मोबाइल पर बात कर रहा था। तभी बाइक सवार तीन युवक आए और मोबाइल छीनकर भाग गए। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया। जांच के दौरान आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मटरू उर्फ अमित पिता कमल अहिरवार उम्र 18 साल, सौरभ पिता बलराम अहिरवार उम्र 18 साल दोनों निवासी भगवानगंज और एक 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया। थाने लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने मोबाइल लूट करने की वारदात स्वीकार की। उनके कब्जे से 8 मोबाइल फोन और एक बाइक क्रमांक एमपी 15 जेडके 2879 जब्त की गई। कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि आरोपी राह चलते लोगों से मोबाइल छीनकर भागते थे। जिन्हें वे सस्ते दामों में बेच देते थे। कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी मटरू के खिलाफ पूर्व से 8 मामले और आरोपी सौरभ पर 2 अपराध दर्ज हैं। आरोपियों से अन्य मामलों में पूछताछ की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *