भास्कर न्यूज | हजारीबाग रिजल्ट के बाद विजयी रहे मेयर अरविंद कुमार राणा ने दैनिक भास्कर से सीधी बातचीत की जिसमें अपने 19 संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि अगर मैं 6 महीने में एक भी काम नहीं कर पाया तो मेयर की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे। अपने काम की प्राथमिकता को दर्शाते हुए कहा कि सबसे पहले तो टैक्स का रिव्यू करेंगे और हजारीबाग में चल रहे चुंगी डकैती को बंद किया जाएगा। यह भी कहा कि किसी भी तरह के प्रमाण पत्र के लिए नगर निगम कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। आवेदक के घर तक प्रमाण पत्र पहुंचेंगे। कहा कि चुनाव में मैंने जो 19 संकल्प को दोहराया है उन सारे संकल्प पूरे होंगे। हजारीबाग में ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा ।फ्लाई ओवर का निर्माण किया जाएगा। जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र घर तक पहुंचाने की व्यवस्था होगी ।सबसे बड़ी बात यह है की सुविधा नहीं तो टैक्स नहीं की नीति लागू करेंगे। घर-घर से कचरा उठाव एवं आधुनिक कचरा निस्तारण संयंत्र की स्थापना की जाएगी ।उन्होंने शहर में लाचार बिजली व्यवस्था के सवाल पर कहां की पूरे शहर में भूमिगत विद्युत व्यवस्था लागू करेंगे। बिजली व्यवस्था दुरुस्त होगी। कहा कि लोगों को घर के नक्शा के लिए कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। 7 दिनों के भीतर घर के नक्शा की स्वीकृति सुनिश्चित की जाएगी । ट्रैक एंड ट्रेस नीति लागू कर पारदर्शिता लाएंगे। हजारीबाग में लंबित पड़े महत्वाकांक्षी योजना रिंग रोड का निर्माण कार्य को पूरा कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पुराने जल स्रोतों का पुनर्जीवन व संरक्षण, सिंगल विंडो सिस्टम को पूर्ण रूप से सुचारू करना ,राजस्व वृद्धि के साथ अवैध टैक्स वसूली पर पूर्ण रूप अत्याधुनिक शौचालय का निर्माण एवं नियमित रखरखाव, नगर निगम क्षेत्र के सभी नालों एवं नालियों की नियमित सफाई ,सभी सड़कों को सुगम सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाना, नगर निगम क्षेत्र में समुचित स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था ,नगर निगम कार्यालय को नागरिक सुविधा केंद्र के रूप में स्थापित करना, नगर निगम क्षेत्र के 140 थाना नंबर में रह रहे नागरिकों की मूल समस्याओं के समाधान हेतु विशेष पहल करना ,व्यवस्थित सब्जी बाजार तैयार करना ताकि किसान और खरीददार दोनों को सहूलियत हो, मछली विक्रेताओं को निश्चित स्थान प्रदान करना और महिलाओं के लिए मार्केट उपलब्ध कराना जिसमें महिला ही बाजार चलाएं ऐसी व्यवस्था करेंगे।


