रिटायर्ड बैंक कर्मचारी को डिजिटल अरेस्ट कर ठगा:व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल कर 25 लाख ट्रांसफर करवाए, परिवार का एनकाउंटर करने की धमकी दी

श्रीगंगानगर में पंजाब नेशनल बैंक के रिटायर्ड कर्मचारी को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर लाखों रुपए की साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। ठगों ने व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल कर खुद को मुंबई पुलिस और CBI अधिकारी बताया। जिसके बाद मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवादी कनेक्शन होने का डर दिखाकर अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करवा लिए। मामला श्रीगंगानगर के साइबर थाना का है। पुलिस को दी रिपोर्ट में परमजीत सिंह तनेजा निवासी बी-88, सेतिया कॉलोनी, गली नंबर 2 (श्रीगंगानगर) ने बताया- वह पंजाब नेशनल बैंक का रिटायर्ड कर्मचारी हैं। 23 दिसंबर 2025 को उसके पास व्हाट्सएप नंबर 8370930898 से सुबह 11:14 बजे एक वीडियो कॉल आई। कॉलर ने चेहरा छिपाकर खुद को कोलाबा पुलिस स्टेशन, मुंबई का अधिकारी बताया। साइबर ठग ने परमजीत से कहा- उसका (परमजीत) का केनरा बैंक में अकाउंट है। जिसका ATM कार्ड एक आतंकवादी के पास मिला है और मनी लॉन्ड्रिंग में यूज हुआ है। परमजीत ने इस बात से मना कर दिया और ठग से कहा कि वह कभी मुंबई नहीं गया। बाद में ठग ने धमकी देकर कहा- अधिकारी से तरीके से बात करो, वरना पूरे परिवार को एनकाउंटर में मार देंगे। डर के मारे परमजीत सहम गया। जिसके बाद ठग ने TRAI का फर्जी नोटिस, ATM कार्ड की फर्जी PDF, ED का फर्जी अरेस्ट वारंट और CBI का मनी लॉन्ड्रिंग नोटिस भेजा। साथ ही, कुछ फोटो भेजे जिनमें एक व्यक्ति से कई ATM कार्ड बरामद होते दिख रहे थे। FD तुड़वाकर पैसे ट्रांसफर करवाए 24 दिसंबर को ठग ने परमजीत से FD, म्यूचुअल फंड और सेविंग्स का डिटेल मांगा। डर में परमजीत ने सब बता दिया। ठग ने कहा- FD तुड़वाकर अपने अकाउंट में पैसे डालो और फिर उनके अकाउंट में ट्रांसफर करो, हम वेरिफाई करके लौटा देंगे। जिसके बाद परमजीत ने पीएनबी बैंक में की हुई एफडी तुड़वा ली और ठगों द्वारा बताए गए Yes Bank अकाउंट में ट्रांसफर करवा दिए। जिसके बाद ठग ने धमकी दी कि परिवार या बैंक से बात की तो सिविल ड्रेस में लोग गोली मार देंगे। इसके बाद ठगों ने फिर से 25 दिसंबर को भी कॉल कर निगरानी करने की बात कही और मोबाइल बैटरी 50% से नीचे न होने देने को कहा। परमजीत 16-16 घंटे कॉल पर रहा, जिससे वह डिप्रेशन में चला गया। 26 दिसंबर को ठग ने फिर कॉल की और दूसरा अकाउंट नम्बर भेजा। जिसके बाद परमजीत ने फिर से FD तुड़वाकर 11 लाख 52 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। 2 जनवरी को परमजीत ने ठगों का कॉल ट्राई किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जिसके बाद उसने घरवालों को बताया और 1930 पोर्टल पर शिकायत की। अब साइबर थाने में साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है। परमजीत का कहना है कि यह पैसे उनके रिटायरमेंट की कमाई थी, जो जीवनयापन का सहारा थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *