रांची| डोरंडा थाना क्षेत्र के फिरदौस नगर की रहने वाली जेबा गिलानी को एटीएम में मदद के बहाने एक 40 साल के व्यक्ति ने उनका डेबिट कार्ड बदल लिया। फिर उनके खाते से 30 हजार रुपए की निकासी कर ली। इस संबंध में जेबा गिलानी ने डोरंडा थाना में ठगी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में बताया है कि 30 अगस्त को वह डोरंडा बाजार स्थित पीएनबी के एटीएम से पैसे निकालने गई थी। उसी दौरान पैसा निकालने एक आदमी आया और अंदर घुस गया। पैसा निकल नहीं रहा था तो उसने जेबा गिलानी को कहा कि आईए मैं आपकी मदद कर देता हूं। उनका डेबिट कार्ड लेकर उसने धोखा से बदल लिया और दूसरा कार्ड दे दिया। इसके बाद उसने उनका पिन भी पूछ लिया। कुछ देर बाद उन्हें मैसेज आया कि उनके खाते से 30 हजार रुपए निकल गए हैं। जब जेबा ने अपना डेबिट कार्ड देखा तब पता चला कि वह किसी और का है। इसके बाद उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराई। रांची| रिम्स में पारामेडिकल छात्रों और एमबीबीएस छात्र के बीच हुई झड़प मामले की जांच के लिए गठित समिति के समक्ष दोनों पक्षों ने अपनी बातें रखीं थीं और आपसी सहमति से समझौता भी किया था। उस समय पारामेडिकल छात्रों ने आश्वासन दिया था कि वे सेवाओं में व्यवधान नहीं डालेंगे। इसके बावजूद सोमवार को पारामेडिकल छात्रों ने चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया और मुख्य शैक्षणिक भवन के प्रवेश द्वार को अवरुद्ध कर दिया। इसपर प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि प्रदर्शन में शामिल होकर कक्षाओं से अनुपस्थित रहने वाले छात्रों को अनुपस्थित चिह्नित किया जाएगा। यदि उनकी उपस्थिति न्यूनतम मानक से कम रहती है तो उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रबंधन को जानकारी मिली है कि इस पूरे प्रकरण में कुछ लोग छात्रों को भड़का रहे हैं।


