रिम्स में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र बढ़ेंगे, 4 काउंटरों से मरीज को मिलेगी सस्ती दवा

रिम्स में दवाओं की अनुपलब्धता को लेकर अक्सर सवाल उठते हैं। जेनरिक दवा स्टोर में भी सीमित मात्रा में दवाएं उपलब्ध होती हैं। नतीजतन, अधिकांश कंपोजिशन की दवा मरीजों को नहीं मिल पाती। ऐसे में रिम्स आने वाले रोगियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रिम्स परिसर में संचालित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का जल्द विस्तार होने जा रहा है। जिससे हजारों मरीजों को सस्ती दवाएं मिल सकेंगी। विस्तार के लिए अस्पताल के पुराने इमरजेंसी विंग में मौजूदा जन औषधि केंद्र और अमृत फार्मेसी के बीच की खाली पड़ी जगह का उपयोग किया जाएगा। इससे जन औषधि केंद्र में पहले से ज्यादा दवाएं स्टॉक में रहेंगी। वर्तमान में जन औषधि केंद्र में केवल दो काउंटर संचालित हैं। जिस वजह से मरीजों की लंबी कतारें लगती हैं। नई योजना के तहत सर्विस बढ़ाने और मरीजों के लिए वेटिंग टाइम को कम करने के लिए काउंटरों की संख्या दोगुनी की जाएगी। दो और काउंटर खुलने से मरीजों को राहत मिलेगी। वहीं दवा के लिए ज्यादा देर तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। 24 घंटे खुली रहती है दुकान : रिम्स के पीआरओ डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि यह दुकान रियायती दरों पर आवश्यक दवाओं की निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने के लिए स्थापित की गई थी। केंद्र 24×7 संचालित है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि मरीजों और उनके परिजनों को दवाओं की तलाश में देर रात या आपातकालीन स्थिति में भटकना न पड़े। सबसे खास बात यह है कि रिम्स में जेनरिक दवाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। बताते चलें कि केंद्र में 300 के करीब जेनरिक दवाएं उपलब्ध हैं। ये जेनरिक दवाएं अपने ब्रांडेड समकक्षों की तुलना में काफी कम कीमत पर उपलब्ध हैं। इसके अलावा रिम्स के सेंटर में दवाओं की एमआरपी पर भी अच्छी खासी छूट दी जाती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *