एजुकेशन रिपोर्टर|रांची रांची यूनिवर्सिटी ने एमडी (डॉक्टर ऑफ मेडिसिन) और एमएस (मास्टर ऑफ सर्जरी) सत्र 2022–25 की परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। लेकिन रिजल्ट घोषित होने के पांच दिन बीत जाने के बावजूद अब तक मार्कशीट जारी नहीं हो सके हैं। इस परीक्षा में राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के कुल 158 छात्र पास हुए थे। परिणाम आने के बाद भी अंक उपलब्ध नहीं होने से छात्रों की शैक्षणिक और व्यावसायिक प्रक्रिया ठहर गई है। छात्रों के अनुसार, पहले एमडी–एमएस परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही या तुरंत बाद मार्कशीट भी जारी कर दिए जाते थे। इससे सीनियर रेजिडेंट्स, सुपर-स्पेशियलिटी और नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो जाती थी। मौजूदा सत्र में इस स्थापित व्यवस्था से हटकर अंकपत्र लंबित रहना परेशानी का कारण बना हुआ है। एमडी–एमएस का यह सत्र पहले ही निर्धारित समय से पीछे चल रहा है। ऐसे में परिणाम घोषित होने के बाद भी अंक विवरण और मार्कशीट जारी नहीं होना करियर को प्रभावित कर रहा है।


