रियाल्टो चौक से अशोका चौक रेलवे स्टेशन के पास से हटाए अतिक्रमण

भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए सिटी पुलिस ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण का हटाया, वहीं वाहनों के चालान भी किए। इस मौके एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर खुद मौके पर उपस्थित थे। उन्होंने बताया कि रियाल्टो चौक से अशोका चौक, शिमला प्रिंटिंग प्रेस, साइकिल मार्केट के पास रेलवे स्टेशन, लिबर्टी मार्केट होते हुए दोबारा रियाल्टो चौक तक सड़कों और फुटपाथों पर दुकानदारों व रेहड़ी-फड़ी वालों की ओर से किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के बाद इन प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक को सुचारू रूप से रेगुलेट किया गया, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को बड़ी राहत मिली। इसके अलावा न्यू अमृतसर चौक, जहां फ्लाईओवर का निर्माण कार्य चल रहा है, वहां भी ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर विशेष ध्यान दिया गया। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार के साथ बैठक कर चौक के दोनों ओर बनी स्लिप रोड की मरम्मत करवाई और उन्हें यातायात के लिए खुलवाया। इससे वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों की आवाजाही आसान हो सकी। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में कहीं भी अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि शहर में यातायात व्यवस्था निर्बाध बनी रहे और आम जनता को जाम की समस्या से निजात मिल सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *